क्या मौसम में आएगा बदलाव? जानें अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
मौसम में राहत की उम्मीद
देश के विभिन्न हिस्सों में बढ़ती गर्मी से परेशान नागरिकों के लिए मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 से 13 मई तक कई क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-NCR में मौसम का बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली में 11 से 13 मई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। 12 और 13 मई को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा, लेकिन 14 मई से मौसम साफ होने लगेगा और 16 मई के बाद तापमान फिर से 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
11 से 13 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में 11 से 15 मई और उत्तराखंड में 11 से 14 मई तक बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम में बदलाव आने वाला है। 11 मई से इन राज्यों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 और 13 मई को, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 मई को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजस्थान में 11 और 12 मई के दौरान तेज हवाओं और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
असम और मेघालय में 12 से 14 मई के दौरान बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
दक्षिण भारत में भी बारिश का पूर्वानुमान
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में 11 से 14 मई तक बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
रायलसीमा, तेलंगाना और लक्षद्वीप में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।