क्राइस्ट द किंग इंटर कॉलेज में वार्षिक खेल दिवस का भव्य आयोजन
खेल दिवस का शानदार प्रदर्शन
अमेठी। जगदीशपुर स्थित क्राइस्ट द किंग इंटर कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित वार्षिक खेल दिवस में छात्रों ने अनुशासन, ऊर्जा और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2 बजे मंत्री नरेन्द्र कुमार कश्यप द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और ध्वजारोहण के साथ हुई, जिससे पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट जोसेफ कॉलेज प्रयागराज के प्रिंसिपल रेव. फादर वॉल्टर डी’सिल्वा ने की। विशिष्ट अतिथि रेव. मॉन्सिन्योर रेजिनाल्ड पॉल डी’सूज़ा ने छात्रों में नेतृत्व क्षमता और टीम स्पिरिट को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र कुमार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षित और अनुशासित पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर का उल्लेख करते हुए छात्रों को ईमानदारी, परिश्रम और अनुशासन को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही, उन्होंने विद्यालय के प्रिंसिपल मनोज डी’सिल्वा की प्रशंसा की और विद्यालय को शिक्षा, अनुशासन और समग्र विकास का उत्कृष्ट केंद्र बताया।
खेल दिवस का थीम “ALTIORA – The Spirit of Going Beyond” था, जिसके तहत छात्रों ने मार्च पास्ट, दौड़ प्रतियोगिताएं, जिम्नास्टिक्स, योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न वर्गों में विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
अतिथि मंच पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश यज्ञ सैनी, ऋषि चौरसिया, रमाशंकर राजपूत, विजय गुप्ता, अनिल वर्मा, विवेक बाजपेई, राहुल सिंह और अविनाश मिश्रा की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। सभी अतिथियों ने विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्रों के उत्कृष्ट समन्वय से कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित और आकर्षक रहा। दर्शकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर प्रत्येक प्रस्तुति का स्वागत किया। समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी विशिष्ट अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में खेल दिवस को और उच्च स्तर पर आयोजित करने का संकल्प लिया।