गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भीषण आग, धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैला
गाजियाबाद में आग की घटना
गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक गंभीर आग लगने की घटना हुई। कनावनी गांव की झुग्गियों में अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयंकर थी कि इसका काला धुआं लगभग दो किलोमीटर दूर तक देखा जा सकता था। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं।
स्थानीय निवासियों ने जैसे ही आग की लपटें देखीं, वे झुग्गियों से बाहर निकलने लगे और तुरंत अग्निशामक विभाग को सूचित किया। इस दौरान लोग अपने जरूरी सामान और गैस सिलेंडर निकालते हुए नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगभग 12 बजे लगी और कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई। झुग्गी बस्ती होने के कारण आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लोग अपने बच्चों और जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखे। लगभग 200 झुग्गियां कानावनी इलाके में स्थित हैं। फिलहाल, अग्निशामक विभाग की टीम आग बुझाने का कार्य कर रही है। मुख्य अग्निशामक अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि जिले के सभी फायर स्टेशनों से फायर टेंडर बुलाए गए हैं। नोएडा से भी आग बुझाने की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, और आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एम ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इंदिरापुरम के कनवानी इलाके में आग लगी है, जहां लगभग डेढ़ सौ से 200 झुग्गियां हैं। यहां रहने वाले अधिकांश लोग कबाड़ का काम करते हैं। अग्निशामक विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। आसपास के अस्पतालों से एंबुलेंस भी बुलवाई गई हैं। आग को नियंत्रित कर लिया गया है और किसी प्रकार की कैजुअल्टी की सूचना नहीं है। अगले एक घंटे में आग को पूरी तरह से बुझा लिया जाएगा। अग्निशामक विभाग की कुल सात गाड़ियां मौके पर हैं, जिनमें नोएडा से भी गाड़ियां शामिल हैं।