गाजियाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन चोरों को पकड़ा
गाजियाबाद में मुठभेड़ और गिरफ्तारी
गाजियाबाद: गाजियाबाद के सिहानीगेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर चोरों और लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध देशी तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि फैक्ट्री एरिया में मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। इस सूचना के आधार पर, सिहानीगेट पुलिस ने मंगल पांडे मार्ग पर लोहियानगर के सी-ब्लॉक कट के पास चेकिंग शुरू की।
जैसे ही मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन वे बाइक लेकर भागने लगे, और इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, और दोनों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीपी जियाउद्दीन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पिछले दो महीनों में चोरी और लूट की चार से पांच घटनाओं को स्वीकार किया है। पुलिस अब अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरूख, इमरान और सोनू (पुत्र अब्दुल सत्तार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शाहरुख पर हत्या, चोरी और हत्या के प्रयास के 13 मामले दर्ज हैं, जबकि इमरान पर लूट, अवैध शस्त्र और चोरी के चार मामले हैं। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है।