गाजियाबाद में मां और बेटी की संदिग्ध मौत, पति हिरासत में
खोड़ा थाना क्षेत्र में हुई घटना
गाजियाबाद: खोड़ा थाना क्षेत्र के शंकर विहार में एक मां और उसकी छोटी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव एक ही फंदे से लटके हुए पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसीपी इंदिरापुरम, सूर्यबली मौर्य के अनुसार, 25 सितंबर 2026 की रात थाना खोड़ा को UP-112 के माध्यम से सूचना मिली कि बीरबल चौकी क्षेत्र में एक किराए के मकान में अनिरुद्ध की पत्नी और उनकी दो वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, अनिरुद्ध मूल रूप से हरदोई का निवासी है, जबकि उसकी पत्नी उन्नाव की रहने वाली थी। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि मां ने पहले बच्ची को फंदे पर लटकाया और फिर खुद आत्महत्या की। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पति अनिरुद्ध से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।