गुजरात में पति ने 2 हजार रुपये के लिए पत्नी और बेटी को सौंपा, मामला गंभीर
मोरबी में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला
मोरबी: गुजरात के मोरबी से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। एक व्यक्ति ने पैसों के लिए अपने परिवार का घिनौना सौदा किया। आरोप है कि इस पति ने घर का किराया न चुका पाने के कारण अपनी पत्नी और 13 साल की बेटी को मकान मालिक और उसके रिश्तेदार के हवाले कर दिया। इन दरिंदों ने मां-बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम दिया। यह मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता की मां ने पुलिस में दामाद और अन्य आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
किराए के लिए किया गया घिनौना सौदा
पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, यह परिवार लगभग छह महीने पहले रोजगार की तलाश में मोरबी आया था। यहां पति ने 2 हजार रुपये प्रति माह पर एक मकान किराए पर लिया था। लेकिन काम न चलने के कारण वह समय पर किराया नहीं चुका पा रहा था, जिससे उस पर किराए का बोझ बढ़ता गया। जब मकान मालिक ने दबाव बनाया, तो इस निर्दयी पति ने अपनी पत्नी और 13 साल 7 महीने की बेटी के साथ दुष्कर्म के लिए सहमति दे दी। इसके बाद मकान मालिक ने बेखौफ होकर मां-बेटी की अस्मत लूटना शुरू कर दिया।
गिरफ्तारी और जांच की कार्रवाई
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी पति और 55 वर्षीय मकान मालिक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। मकान मालिक को कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और पीड़ित मां-बेटी तथा आरोपियों का मेडिकल टेस्ट भी कराया। जांच टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। हालांकि, इस अपराध में शामिल मकान मालिक का रिश्तेदार और उसके परिवार के अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।