गुरदासपुर में पुलिसकर्मी की संदिग्ध मौत, परिवार ने हत्या का आरोप लगाया
पुलिसकर्मी का शव मिलने से मचा हड़कंप
गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर में एक पुलिसकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसे गोली मारकर हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिसकर्मी का शव गुरदासपुर के गांव माण कौर बाईपास के निकट पाया गया। मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल विनोद कुमार के रूप में हुई है। पंजाब पुलिस की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार का कहना है कि विनोद कुमार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारी है।
पंजाब में पुलिसकर्मियों पर हमले की बढ़ती घटनाएं
पंजाब में पिछले तीन महीनों में कई पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया है। अक्टूबर में तरनतारन जिले में एएसआई इकबाल सिंह की हत्या की गई थी। उन्हें सरहाली थाना क्षेत्र के पास गोली मारी गई थी। पुलिस के अनुसार, हमलावर अपनी बाइक छोड़कर एक कार में फरार हो गए थे।
अक्टूबर के पहले सप्ताह में अमृतसर में रेलवे पुलिस के सहायक सब-इंस्पेक्टर सुखचैन सिंह पर भी जानलेवा हमला हुआ था। मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर फायरिंग की, जिससे वे घायल हो गए।
इसके अलावा, 18 सितंबर को अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या हुई थी। उन्हें रात में ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि हमलावरों ने हरजीत सिंह को गोली मारने के बाद मौके पर लौटकर एक वीडियो बनाया था। बाद में पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया था।