गुरुग्राम में अवैध निर्माण का ध्वस्तीकरण: 10 नंबरी अपराधी की गतिविधियों पर कार्रवाई
भौंडसी क्षेत्र में अवैध निर्माण का ध्वस्तीकरण
- भारी पुलिस सुरक्षा में गिराए गए अवैध निर्माण
गुरुग्राम समाचार: भौंडसी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक 10 नंबरी अपराधी द्वारा बनाए गए अवैध निर्माणों को नगर निगम ने ध्वस्त किया। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर मामलों में एक दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, भौंडसी क्षेत्र के गांव अलीपुर के निवासी नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी (39 वर्ष) एक हिस्ट्रीशीटर है और संगठित अपराध में संलिप्त है। उसका आपराधिक इतिहास 2011 से लगातार सामने आ रहा है।
आरोपी नरेन्द्र की अशोक राठी के साथ लंबे समय से आपराधिक रंजिश चल रही थी, जिसके चलते 16 नवंबर 2019 को अशोक राठी की हत्या कर दी गई थी। यह मामला वर्तमान में अदालत में विचाराधीन है।
नरेन्द्र ने अशोक राठी की हत्या के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह का संचालन किया। उस पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, रंगदारी, अपहरण, हत्या का प्रयास और पुलिस पर हमले जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ कुल 19 केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं।