गुरुग्राम में भाजपा सरकार के विकास दावों की पोल खोलते पंकज डावर
भाजपा सरकार ने गुड़गांव की जनता के साथ किया धोखा
गुरुग्राम। सूरत नगर के निवासियों के निमंत्रण पर, गुड़गांव कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने रविवार को क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गंदे पानी से भरी गलियों में चलकर भाजपा सरकार के विकास के दावों की सच्चाई को उजागर किया। डावर ने कहा कि सूरत नगर में बारिश हो या न हो, गंदा पानी हमेशा भरा रहता है, जिससे क्षेत्र की स्थिति हमेशा खराब बनी रहती है।
यहां सीवेज सिस्टम अक्सर ओवरफ्लो होता है। पंकज डावर ने कहा कि वे इस समस्या को उठाने आए हैं, लेकिन सूरत नगर के लोग हर दिन इस गंदे पानी से जूझते हैं। यह स्थिति न केवल जीवन को कठिन बना रही है, बल्कि युवाओं के लिए विवाह के प्रस्ताव भी बंद कर दिए हैं। बुजुर्ग घर में कैद हो गए हैं और बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। डावर ने इसे सरकार की नाकामी और प्रशासन की लापरवाही का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री से गुड़गांव की स्थिति का जायजा लेने की अपील
डावर ने कहा कि शहर की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि जानवर भी यहां रहना नहीं चाहेंगे। पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने हालात को और बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि यह सबका साथ सबका विकास नहीं, बल्कि सबके साथ विश्वासघात है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गुड़गांव आने और शहर की स्थिति का जायजा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यहां रात बितानी चाहिए और जनता की समस्याओं को समझने का प्रयास करना चाहिए। इस दौरान कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे, जिन्होंने प्रशासन से सूरत नगर की समस्याओं के समाधान की मांग की।