गुरुग्राम में महिला बाइकर को टक्कर मारने का मामला: SIT जांच में नए खुलासे
महिला बाइकर को टक्कर मारने की घटना
गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान को कार से टक्कर मारने के मामले में विशेष जांच दल (SIT) की जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। SIT के सूत्रों के अनुसार, आरोपी कल्याण बैंसला ने रातभर एक क्लब में पार्टी करने के बाद कथित तौर पर शराब के प्रभाव में गाड़ी चलाई। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि घटना के समय बैंसला खुद कार चला रहा था।
SIT की जांच से पता चला है कि बैंसला की कार में उसके तीन दोस्त भी मौजूद थे। उसका चचेरा भाई लवनीश बगल वाली सीट पर बैठा था, जिसने बैंसला को बाइक सवारों का पीछा करने के लिए उकसाया।
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि के लिए उसके रक्त और मूत्र के नमूने प्रयोगशाला में भेजे हैं। अब पुलिस को जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की है। SIT के सूत्रों के अनुसार, फुटेज में टक्कर से पहले आरोपी और बाइकर्स के समूह के बीच काफी देर तक बहस होती दिखाई दी है।
जांच के अनुसार, आरोपी और महिला बाइकर शिवानी के बीच पहली कहासुनी सेक्टर-53 मेट्रो स्टेशन के पास हुई थी। इसके बाद बैंसला ने अपनी तेज रफ्तार कार से शिवानी का करीब 2 किलोमीटर तक पीछा किया और अंततः टक्कर मारी।
इस मामले में पुलिस ने कार में सवार दो अन्य लोगों को भी जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। SIT जल्द ही उनके बयान दर्ज करेगी, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी पर निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा, पुलिस दुर्घटना में शामिल कार के मूल मालिक का बयान भी दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
SIT की जांच में डिजिटल सबूत भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पीड़िता शिवानी उर्फ 'सिया' ने अपनी पूरी राइड की रिकॉर्डेड वीडियो फुटेज SIT को प्रदान की है। पुलिस इस फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। इसके अलावा, पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम सीन का पुनर्निर्माण भी किया था।
पुलिस की जांच अभी जारी है और आरोपी के रक्त-मूत्र परीक्षण की रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।