गुरुग्राम में सड़क दुर्घटना: तेज रफ्तार कार ने चार मजदूरों को कुचला, दो की मौत
गुरुग्राम में सड़क दुर्घटना
गुरुग्राम सड़क दुर्घटना: हरियाणा के गुरुग्राम में एक और दुखद सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को टक्कर मार दी। यह घटना गुरुवार को द्वारका एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास हुई, जिसमें दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।
मजदूर ग्रीन बेल्ट के पास काम कर रहे थे
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, कार दिल्ली की दिशा में आ रही थी जब यह श्रीराम चौक के पास अनियंत्रित हो गई और ग्रीन बेल्ट के पास खड़े चार मजदूरों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दो मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूत्रों के अनुसार, जिस स्थान पर मजदूर काम कर रहे थे, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि काम के दौरान चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा घेरा भी मौजूद नहीं था। व्यस्त एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
घायलों का इलाज जारी
हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल मजदूर सतीश चंद और राम कुमार का इलाज चल रहा है। कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसे प्राथमिक उपचार के बाद फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया।
20 वर्षीय छात्र चला रहा था कार
पुलिस के अनुसार, कार 20 वर्षीय छात्र वेदान खन्ना चला रहा था, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र है और गुरुग्राम के सेक्टर-110 में इंडिया बुल्स एगिमा में रहता है।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान बुलंदशहर निवासी बिजेंद्र और पप्पू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों की जांच जारी है.