गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर: पुलिस ने किया ढेर
गैंगस्टर का एनकाउंटर
गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की डी कंपनी से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। यह कार्रवाई नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई। दुर्रानी का छोटा शकील से भी गहरा संबंध था और उसके खिलाफ 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
दिल्ली में 16 नवंबर को मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस नसीम दुर्रानी की तलाश कर रही थी। उसने समीर पर 15 से 20 गोलियां चलाई थीं। शुक्रवार की सुबह पुलिस को सिकंदराबाद बाईपास के पास दुर्रानी की मौजूदगी की सूचना मिली। सीसीटीवी फुटेज में वह स्कूटी पर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ ने उसका पीछा किया।
पुलिस के अनुसार, जब दुर्रानी को रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने स्कूटी की गति बढ़ा दी। अचानक स्कूटी फिसल गई और वह सड़क पर गिर गया। पुलिस को अपनी ओर आता देख उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान लगभग 20 से 22 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की कार्रवाई में दुर्रानी को गोली लगी।
गोली लगने के बाद गैंगस्टर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से दो 32 बोर की पिस्टल भी बरामद की गईं। नसीम दुर्रानी के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश और लूट जैसे गंभीर मामलों की लंबी फेहरिस्त थी। वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में भी रह चुका था और 2016-17 में छोटा शकील ने उसे तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी थी।