गैस संकट पर सपा नेता बैजू यादव का प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
गैस एजेंसियों में अनियमितताओं का आरोप
महराजगंज :: समाजवादी पार्टी के नेता बैजू यादव ने सोमवार को नौतनवा तहसील में उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में सोनौली और नौतनवा की गैस एजेंसियों पर गंभीर अनियमितताओं, कालाबाज़ारी और कृत्रिम गैस संकट उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गैस की भारी कमी के बावजूद एजेंसी मनमाने तरीके से आधी गैस सप्लाई कर देती है, जबकि शेष गैस गोदाम में छिपा दी जाती है। इससे आम जनता को गैस के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि DAC नंबर होने के बावजूद गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। शिकायत करने पर एजेंसी के कर्मचारी उपभोक्ताओं को धमकाते हैं और कनेक्शन ट्रांसफर करने की चेतावनी देते हैं।
बैजू यादव ने कहा कि यह उपभोक्ता अधिकारों का खुला उल्लंघन है और प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
• दोनों गैस एजेंसियों की गैस सप्लाई और वितरण का पारदर्शी ऑडिट किया जाए।
• कर्मचारियों द्वारा रिश्तेदारों को प्राथमिकता देने की शिकायतों की जांच की जाए।
• गैस वितरण को प्रशासनिक निगरानी में किया जाए।
• बुकिंग के क्रम में गैस उपलब्ध कराई जाए।
• नगर के सभी वार्डों में सप्ताह में एक बार गैस वितरण वाहन भेजा जाए।
• दोषी एजेंसी संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैजू यादव ने कहा कि आम जनता गैस की समस्या से परेशान है, इसलिए प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में ऐसी मनमानी न हो।
इस अवसर पर व्यापारी नेता बब्लू सिंह, राजकुमार नायक, सभासद राधेश्याम, राजू पटवा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।