गोंडा में कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या पर राजनीतिक हलचल
गोंडा में हत्या का मामला बढ़ता जा रहा है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विपक्षी दलों के नेता इस घटना को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद को अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठना पड़ा, फिर भी सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज और जातिवाद का नंगा नाच चल रहा है। अयोध्या में रामलगन मौर्य की हत्या के बाद, भाजपा के संरक्षण में चल रहे जातिवादी गुंडागर्दी का शिकार गोंडा के समाजसेवी विनोद साहनी बने, जिन्हें सामंतवादी तत्वों ने गोलियों से भून दिया। उनकी मौत केजीएमयू में इलाज के दौरान हुई।
उत्तर प्रदेश में जंगलराज एवं जातिवाद का नंगा नाच चल रहा है। अयोध्या में रामलगन मौर्य की हत्या के बाद, भा.ज.पा संरक्षण में चल रहे जातिवादी गुंडागर्दी का इस बार शिकार गोंडा के कर्मठ समाजसेवी विनोद साहनी हुए जहां सामंतवादी लोगों ने विनोद साहनी को गोलियों से भून दिया जिसकी मौत…
— Swami Prasad Maurya (@SwamiPMaurya) September 11, 2026
उन्होंने आगे कहा कि हत्यारे अभी भी बेखौफ घूम रहे हैं क्योंकि उन्हें मुख्यमंत्री योगी का संरक्षण प्राप्त है। संजय निषाद को धरने पर बैठना पड़ा, फिर भी सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। जातिवाद में लिपटी योगी सरकार ने इस प्रकार की घटनाओं को बढ़ावा दिया है, जो अत्यंत निंदनीय है।
गौरतलब है कि गोंडा जिले में कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या का मामला गंभीर होता जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद के चलते विनोद पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल विनोद का लखनऊ के केजीएमयू में इलाज चल रहा था, जहां गुरुवार को उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।