गोंडा में विनोद साहनी हत्या मामले पर सियासत गरमाई, मंत्री संजय निषाद का कलेक्ट्रेट घेराव
विनोद साहनी हत्या मामला
विनोद साहनी हत्या मामला: गोंडा में निषाद समाज के नेता विनोद साहनी की हत्या ने यूपी की राजनीति में हलचल मचा दी है। कल लखनऊ में धरना देने के बाद, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद गोंडा में कलेक्ट्रेट का घेराव करने के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके गोंडा पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, करनैलगंज चौराहे पर डॉ. संजय निषाद को रोकने के लिए अतिरिक्त एसपी, सीओ और अन्य थानों की पुलिस तैनात की गई है। चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई है और गोंडा सर्किट हाउस, कलेक्ट्रेट और पुलिस कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दरअसल, विनोद कुमार साहनी, जो परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सडिया गांव के निवासी थे, पर बुधवार को जानलेवा हमला किया गया था।
निषाद समाज के नेता पर हमले के बाद गुरुवार को लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के विरोध में, योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने लखनऊ में धरना दिया। इस मुद्दे पर निषाद पार्टी और समाजवादी पार्टी एकजुट होते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद, डॉ. संजय निषाद ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैं इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करता हूं और किसी भी कीमत पर इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'
हमारे निषाद समाज के क्रांतिकारी युवा साथी विनोद निषाद के साथ कल जिस प्रकार सामंतवादी मानसिकता रखने वाले लोगों द्वारा गोली एवं चाकुओं से जानलेवा हमला किया गया और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, वह अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और हृदयविदारक घटना है।
मैं इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करता… pic.twitter.com/cR6CAPsXRE
— Dr. Sanjay Kumar Nishad (@drsanjayknishad) September 10, 2026
कैबिनेट मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, 'मैं गोंडा पुलिस प्रशासन को स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि आज रात तक सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, परिजनों के बयान के अनुसार थाना अध्यक्ष परसपुर और चौकी इंचार्ज शाहपुर समेत सभी स्टाफ को बर्खास्त किया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है, तो *कल 11 सितंबर 2026 को मैं पुलिस कप्तान गोंडा के आवास और कार्यालय का घेराव करने के लिए स्वयं गोंडा पहुंचूंगा।'