गोरखपुर पासपोर्ट सेवा केंद्र में दस्तावेज़ सत्यापन की समस्याएं
गोरखपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थिति
गोरखपुर : गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रोड पर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में दस्तावेज़ों की जांच की प्रक्रिया इन दिनों आवेदकों के लिए बेहद कठिनाई भरी हो गई है। विशेष रूप से दूसरे मंजिल पर स्थित काउंटर C और B के कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर लोगों में गहरी नाराज़गी है।
आवेदकों दीपक, विजय, अजय और रमेश ने बताया कि इन काउंटरों पर दस्तावेज़ सत्यापन करने वाले कर्मचारी आवेदकों से ठीक से बात नहीं करते। जब मदद की आवश्यकता होती है, तो वे उन्हें डांटकर भगा देते हैं। कई आवेदकों ने यह भी कहा कि छोटे मुद्दों को जानबूझकर बड़ा बना दिया जाता है, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय आने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
आवेदकों ने यह भी कहा कि
“दूसरे मंजिल पर काम करने वाले कर्मचारी भूल जाते हैं कि हम सेवा लेने आए हैं, भीख मांगने नहीं। पूछने पर सही जानकारी नहीं मिलती और वे बदतमीजी से पेश आते हैं।”
लोगों का कहना है कि पासपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज़ के लिए इस कार्यालय का रवैया पूरी तरह से अस्वीकार्य है। आवेदकों ने यह मांग की है कि
“समय-समय पर इस कार्यालय की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि मनमानी पर रोक लग सके और आम जनता को राहत मिले।”
स्थानीय नागरिकों ने विदेश मंत्रालय और प्रशासन से अनुरोध किया है कि वे हस्तक्षेप करें और व्यवस्था में सुधार लाएं, साथ ही काउंटरों पर तैनात कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करें।