गोहर में पीलिया का प्रकोप: 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौत, मरीजों की संख्या 210 पार
गोहर में पीलिया का संकट
मंडी: उपमंडल गोहर में पीलिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। नेहरा पंचायत के रौडी गांव की 19 वर्षीय नवविवाहिता शानिया, जो सौरव की पत्नी थी, की पीलिया के कारण पीजीआई चंडीगढ़ में देर रात मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के साथ ही क्षेत्र में पीलिया से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2 हो गई है, जबकि मरीजों की कुल संख्या 210 के पार पहुंच चुकी है।
जानकारी के अनुसार, शानिया को लगभग एक सप्ताह पहले पीलिया के लक्षण दिखाई दिए थे, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल गोहर में भर्ती किया गया। जब उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया। वहां भी उसकी बीमारी पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका, और उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया।
पीजीआई में लगातार इलाज के बावजूद शानिया की सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ और अंततः उसने देर रात दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ते मामलों के बावजूद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पीलिया पर काबू पाने में असफल साबित हो रहा है। 210 से अधिक लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, जिससे हालात चिंताजनक बनते जा रहे हैं। लोगों ने जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस जानलेवा बीमारी पर काबू पाया जा सके।