×

ग्रैंड कैन्यन में बाढ़: दो शव बरामद, कई लोग लापता

ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक आई बाढ़ के कारण दो शव बरामद हुए हैं, जबकि 12 से अधिक लोग लापता हैं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र में खोज और राहत अभियान जारी रखा है। बाढ़ के कारण ट्रांसकैन्यन वाटरलाइन को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम सेवा ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है, जिससे क्षेत्र में और भी खतरा बना हुआ है। जानें इस घटना के बारे में अधिक जानकारी और राहत कार्य की स्थिति।
 

ग्रैंड कैन्यन में बाढ़ का संकट

लॉस एंजेल्स: अमेरिका के एरिजोना में ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक आई बाढ़ के कारण दो व्यक्तियों के शव मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार, 12 से अधिक लोग अब भी लापता हैं और उनका कोई सुराग नहीं मिला है। अमेरिकी नेशनल पार्क सर्विस ने बताया कि शनिवार को ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रेंच क्षेत्र में गंभीर बाढ़ आई थी। पार्क के अधिकारियों ने मीडिया को सूचित किया कि कम से कम 14 अन्य लोग अब भी लापता हैं।


अधिकारियों ने उन लोगों से अपील की है जो 29 अगस्त को ब्राइट एंजेल क्रीक के अंदर मौजूद थे या प्रभावित क्षेत्र में कैंपिंग की बुकिंग कर चुके थे, कि वे अपनी जानकारी नेशनल पार्क सर्विस की जांच शाखा को दें। स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, पार्क अधिकारियों ने फेसबुक पर बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार ट्रांसकैन्यन वाटरलाइन का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हो गया है। यह पाइपलाइन साउथ रिम और कैन्यन के अंदर सुविधाओं तक पीने का पानी पहुंचाती है।


अधिकारियों ने कहा, “खोज और राहत अभियान जारी रहने तक लोगों से अपील है कि वे बंद किए गए क्षेत्रों में न जाएं।” फिलहाल फैंटम रेंच, ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड, फैंटम रेंच कैंटीन, वहां मौजूद केबिन और नॉर्थ काइबाब ट्रेल का पूरा हिस्सा अगले आदेश तक बंद रहेगा। रविवार को जारी एक बयान में पार्क अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र से कुल 62 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।


अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बताया है कि ग्रैंड कैन्यन क्षेत्र के लिए बाढ़ का अलर्ट कम से कम सोमवार शाम तक जारी रहेगा। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि सोमवार दोपहर और शाम तक बारिश और गरज के साथ बौछारें जारी रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में मानसूनी नमी गहराई तक बनी हुई है और मिट्टी पहले से ही संतृप्त है, जिससे सोमवार तक अचानक बाढ़ का खतरा बना रहेगा।