चंद्र ग्रहण: धार्मिक मान्यता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण
भारतीय संस्कृति में चंद्र ग्रहण का महत्व
भारतीय संस्कृति में ग्रहण को केवल एक वैज्ञानिक घटना के रूप में नहीं देखा जाता, बल्कि इसे आध्यात्मिक और धार्मिक दृष्टिकोण से भी जोड़ा जाता है। चंद्र ग्रहण से जुड़ी कई पौराणिक कथाएं हमारे शास्त्रों में विस्तृत रूप से वर्णित हैं। इनमें से एक प्रमुख कथा राहु और केतु की है, जो बताती है कि चंद्रमा समय-समय पर क्यों छिप जाता है और इसे ग्रहण के रूप में क्यों देखा जाता है।
राहु और केतु की कथा
पुराणों के अनुसार, समुद्र मंथन के समय जब अमृत का कलश निकला, तो देवता और दानव दोनों इसे पाने के लिए लालायित थे। भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धारण कर केवल देवताओं को अमृत बांटने का निर्णय लिया। लेकिन राहु नामक एक दानव ने चालाकी से देवताओं की पंक्ति में बैठकर अमृत पी लिया। सूर्य और चंद्रमा ने उसकी पहचान की और भगवान विष्णु को सूचित किया। विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र से राहु का सिर धड़ से अलग कर दिया। इस घटना के कारण राहु और केतु अमर हो गए और वे समय-समय पर सूर्य और चंद्रमा को निगलने का प्रयास करते हैं, जिसे ग्रहण कहा जाता है।
धार्मिक मान्यता और महत्व
हिंदू धर्म में चंद्र ग्रहण को केवल एक खगोलीय घटना नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतावनी माना जाता है। मान्यता है कि ग्रहण के समय नकारात्मक ऊर्जा सक्रिय हो जाती है, इसलिए इस दौरान पूजा-पाठ और जप-ध्यान को विशेष महत्व दिया जाता है। लोग इस समय मंदिरों के द्वार बंद रखते हैं और ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान कर शुद्धि करते हैं। गर्भवती महिलाओं को ग्रहण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
खगोल विज्ञान का दृष्टिकोण
विज्ञान के अनुसार, चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और उसकी छाया चंद्रमा पर पड़ती है। यह एक सामान्य खगोलीय घटना है, जो हर साल कई बार होती है। हालांकि इसके धार्मिक और पौराणिक महत्व के कारण इसे भारत समेत कई देशों में एक विशेष अवसर माना जाता है।
2025 का आखिरी चंद्र ग्रहण
इस वर्ष का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण आद लगेगा। इसकी अवधि लगभग 3 घंटे 30 मिनट होगी। इस दौरान लोग न केवल खगोलीय घटना का साक्षी बनेंगे, बल्कि इससे जुड़ी पौराणिक कथाओं और धार्मिक मान्यताओं को भी याद करेंगे। यह ग्रहण लोगों को एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करेगा कि कैसे विज्ञान और आस्था दोनों अपनी-अपनी जगह पर महत्वपूर्ण हैं।