चंबा में कार दुर्घटना: 6 लोगों की जान गई
चंबा में दर्दनाक कार हादसा
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक कार के खाई में गिरने से 6 लोगों की जान चली गई। यह घटना चंबा के तीसा क्षेत्र में चनवास के पास हुई, जहां कार लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। यह दुर्घटना गुरुवार रात को हुई। पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे। तीसा के भंजराडू से चिनवास शाहवा मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया।
रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि सड़क पर फिसलन या वाहन की तकनीकी खराबी दुर्घटना का कारण हो सकती है।
इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सतर्क रहने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "चंबा जिला के तीसा के चनवास में हुई कार दुर्घटना में 6 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।"
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "चंबा जिला के तीसा के चनवास में हुई कार दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।"