छत्तीसगढ़ में पत्नी की हत्या से गांव में फैली दहशत
कोरबा में दिल दहला देने वाली घटना
कोरबा (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक अत्यंत चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। बालको नगर के बुंदेली गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर गांव में घूमता रहा, जिससे वहां भय का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सालिक राम एक मजदूर है और उसकी पत्नी चैत कुंवर के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया है कि पत्नी अक्सर पति के चरित्र पर संदेह करती थी, जिसके कारण दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक दिन यह हिंसक रूप ले लिया। घटना के दिन भी सुबह पति-पत्नी के बीच बहस हुई थी। हालांकि, दिन में मामला शांत हो गया, लेकिन शाम को फिर से तनाव बढ़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों शाम को साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी किसी बात पर विवाद शुरू हो गया।
गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखे धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने एक प्लास्टिक बैग में पत्नी का सिर रखकर मोटरसाइकिल से गांव में घूमना शुरू कर दिया और लोगों को बताने लगा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। कई स्थानों पर मोटरसाइकिल से उतरकर वह लोगों को कटा हुआ सिर दिखा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह लोगों को चाकू दिखाकर धमकाते हुए इधर-उधर घूमता रहा, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और आपसी संदेह इस वारदात की मुख्य वजह बताई गई है। हालांकि, मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि दंपती के चार छोटे बच्चे हैं, जो अब अपनी मां के साये से वंचित हो गए हैं। गांव में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा छा गया है, और लोग इस भयावह वारदात को लेकर अब भी सहमे हुए हैं।