×

छाया कदम ने नंगे पैर पूरी की 20 किमी की वारी यात्रा

अभिनेत्री छाया कदम ने महाराष्ट्र की प्रसिद्ध 'वारी' तीर्थयात्रा में भाग लिया, जहां उन्होंने सासवड से जेजुरी तक लगभग 20 किलोमीटर की दूरी नंगे पैर तय की। इस यात्रा के दौरान उन्होंने पारंपरिक महाराष्ट्रीयन परिधान पहना और श्रद्धालुओं के साथ मिलकर प्रार्थना की। उनके अनुभव और यात्रा की झलकियां इंस्टाग्राम पर साझा की गई हैं। जानें इस यात्रा के बारे में और छाया के अभिनय करियर के बारे में।
 

छाया कदम की तीर्थयात्रा

मुंबई: फिल्म 'लापता लेडीज' से सुर्खियों में आईं अभिनेत्री छाया कदम ने महाराष्ट्र की प्रसिद्ध 'वारी' तीर्थयात्रा में भाग लिया। उन्होंने सासवड से जेजुरी तक लगभग 20 किलोमीटर की दूरी हजारों वारकरियों के साथ नंगे पैर तय की।


अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर यात्रा की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। इन फोटोज में वह पारंपरिक महाराष्ट्रीयन परिधान 'नौवारी' साड़ी में नजर आ रही हैं, साथ ही उन्होंने पारंपरिक नथ, चोकर नेकलेस और माथे पर पीला तिलक भी लगाया हुआ है।


वीडियो में छाया कदम को हाईवे पर हजारों श्रद्धालुओं के साथ जेजुरी की ओर चलते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य क्लिप में वह एक श्रद्धालु से माथे पर तिलक लगवाते हुए दिखाई देती हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने पालकी के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना की और अन्य वारकरियों का अभिवादन भी किया।


पोस्ट साझा करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, “दूसरी बार, मैंने सासवड से जेजुरी तक वारी पूरी की। वारी और वारकरी।”


सालाना पंढरपुर वारी महाराष्ट्र के वारकरी संप्रदाय की एक प्रमुख वार्षिक तीर्थयात्रा है। इसमें लाखों श्रद्धालु भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए संत ज्ञानेश्वर और संत तुकाराम की पालखियों के साथ पैदल चलते हुए आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर पंढरपुर पहुंचते हैं।


'वारी' का अर्थ है किसी पवित्र स्थान की नियमित यात्रा। यह तीर्थयात्रा आषाढ़ (जून-जुलाई) में आयोजित होती है और आषाढ़ी एकादशी पर समाप्त होती है।


छाया कदम मुख्य रूप से मराठी और हिंदी फिल्मों में अपने सशक्त अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत रंगमंच से की और बाद में फिल्मों में अपनी पहचान बनाई।