जकार्ता के पास ट्रेन दुर्घटना में 14 लोगों की जान गई
इंडोनेशिया में भयानक ट्रेन हादसा
इंडोनेशिया में एक गंभीर ट्रेन दुर्घटना में 14 लोगों की मृत्यु हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। यह घटना सोमवार को जकार्ता के बाहरी इलाके में बेकासी तिमुर स्टेशन पर हुई। सरकारी रेलवे कंपनी पीटी केरेटा एपी इंडोनेशिया के सीईओ बॉबी रसीदिन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। सभी मृतकों के शवों को पहचान और अन्य औपचारिकताओं के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, बेकासी तिमुर स्टेशन एक व्यस्त रेलवे स्टेशन है, जहां एक लंबी दूरी की ट्रेन ने खड़ी कम्यूटर ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण कई डिब्बों को गंभीर नुकसान पहुंचा। कई यात्री बोगियों में फंस गए थे। हादसे के बाद बचावकर्मियों और आपातकालीन टीमों ने हताहतों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। हालांकि, घायलों की सही संख्या अभी तक ज्ञात नहीं हो पाई है।