जसवंत सिंह स्कॉर्पियो चोरी मामले में एक और आरोपी की गिरफ्तारी
जसवंत सिंह की स्कॉर्पियो चोरी का मामला
जसवंत सिंह स्कॉर्पियो चोरी मामले में, CIA कोसली के इंचार्ज SI सुभाष चन्द की टीम ने 28 मार्च की रात को पूर्व मंत्री जसवंत सिंह की स्कॉर्पियो गाड़ी चुराने के आरोप में एक और संदिग्ध को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान राजस्थान के ब्यावर जिले के गांव हथुन बाकला निवासी फिरोज काठात के रूप में हुई है। पुलिस पहले ही इस मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जांचकर्ताओं ने बताया कि 29 मार्च को, रेवाड़ी के सेक्टर-3 निवासी जसवंत सिंह ने अपनी शिकायत में कहा था कि उन्होंने 28 मार्च की रात अपनी काली स्कॉर्पियो गाड़ी अपने घर के सामने पार्क की थी। अगले दिन, 29 मार्च की सुबह, गाड़ी वहां से गायब मिली, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिया था। इस पर पुलिस ने थाना मॉडल टाउन रेवाड़ी में चोरी का मामला दर्ज किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी राजस्थान के फलोदी जिले के गांव कानासर के रिछपाल, जोधपुर जिले के गांव बुरचा के सुरेंद्र सिंह और हिम्मत सिंह, और ब्यावर के गांव खेडी का खेडा के नरेंद्र काठात उर्फ नरेश हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली थी। सीआईए कोसली पुलिस टीम ने बुधवार को एक और आरोपी फिरोज काठात को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।