×

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में RSS के कार्यक्रम पर विवादित बयान वायरल

दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया में RSS के 'युवा कुंभ' कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रोफेसर मजहर आसिफ का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय होने का कारण हमारे DNA में महादेव का DNA होना है। इस बयान ने राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच बहस को जन्म दिया है। जानें इस पर क्या प्रतिक्रियाएं आई हैं और कार्यक्रम के दौरान क्या हुआ।
 

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में RSS का युवा कुंभ कार्यक्रम

JMI दिल्ली: दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 'युवा कुंभ' कार्यक्रम के बाद कुलपति प्रोफेसर मजहर आसिफ का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है। उनके संबोधन का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच बहस तेज हो गई है।
मंगलवार को जामिया कैंपस में RSS द्वारा 'युवा कुंभ' नामक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रोफेसर मजहर आसिफ भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम का पहले से ही एनएसयूआई समेत कई छात्र संगठनों ने विरोध किया था, जिसके चलते कैंपस के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

अपने संबोधन में प्रोफेसर मजहर आसिफ ने कहा, “यहां उपस्थित सभी लोगों की मातृभाषा, संस्कार या परंपराएं एक जैसी नहीं हो सकतीं। लेकिन हम सभी भारतीय हैं, और भारतीय होने का कारण यह है कि हमारे DNA में महादेव का DNA है।” उन्होंने यह भी कहा कि सनातन संस्कृति दुनिया की सबसे श्रेष्ठ संस्कृति है, क्योंकि यह सभी के हित की बात करती है। उन्होंने भगवान महादेव के परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि विभिन्न स्वभाव, समुदाय और प्रतीकों के बावजूद सब एक साथ रहते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भगवान शंकर के गले में सांप है, गणेश जी का वाहन चूहा है, पार्वती जी का वाहन शेर है, और कार्तिकेय की सवारी मोर है। सामान्यतः ये सभी एक-दूसरे के विरोधी माने जाते हैं, लेकिन महादेव के परिवार में सभी एक साथ रहते हैं। यही संदेश सनातन संस्कृति भी देती है कि विभिन्न जातियों, धर्मों और समुदायों के लोग एक साथ सद्भाव से रह सकते हैं। कार्यक्रम में उन्होंने आरएसएस नेताओं का स्वागत किया और इस आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।