डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने यूपीएससी परीक्षा में हासिल किया पहला स्थान
डॉ. अनुज अग्निहोत्री की सफलता
नई दिल्ली। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को घोषित हुए, जिसमें राजस्थान के डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक (AIR-1) प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया है। डॉ. अग्निहोत्री का संबंध चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा से है। उन्होंने AIIMS जोधपुर से 2023 में MBBS की डिग्री प्राप्त की। मेडिकल शिक्षा पूरी करने के बाद, उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। पढ़ाई के दौरान, उन्होंने आत्म-शिक्षण और सीमित संसाधनों का उपयोग किया। उनके पिता के.बी. अग्निहोत्री राजस्थान न्यूक्लियर पॉवर प्लांट में वैज्ञानिक अधिकारी हैं, जबकि उनकी माता मंजू अग्निहोत्री एक गृहिणी हैं।
26 वर्षीय अनुज अग्निहोत्री पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय किस्मत को दिया है।
अनुज की शिक्षा
अनुज ने रावतभाटा के एटमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद, उन्होंने कोटा के एम.बी. पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की। मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता के बाद, उन्होंने जोधपुर एम्स से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की। अनुज ने बताया कि उन्होंने 2023 में मेडिकल इंटर्नशिप पूरी की और उसके बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। उनके पास स्टैंड अप कॉमेडी करने और क्रिकेट देखने की दो हॉबी हैं।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
अनुज का यह सफर आसान नहीं रहा। यह उनकी तीसरी कोशिश थी। पहले प्रयास में, उन्हें DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) के लिए चयनित किया गया था, जहां वे वर्तमान में प्रशिक्षण ले रहे हैं। अनुशासन और दृढ़ता में विश्वास रखने वाले अनुज ने अपनी तैयारी के लिए मुख्य रूप से ऑनलाइन कोचिंग का सहारा लिया और दिल्ली स्थित एन्श्योर आईएएस से साक्षात्कार मार्गदर्शन प्राप्त किया।
सचिन जैन, जो पहले आईआरएस अधिकारी थे और अब एन्श्योर आईएएस में मेंटर हैं, ने अनुज को साक्षात्कार की तैयारी में मार्गदर्शन दिया। अनुज ने कहा कि वह हमेशा सीखने के लिए उत्सुक रहते थे और सिविल सेवा साक्षात्कारों में उनके अनुभव ने बहुत मदद की।