डोंबिवली में शादी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार
महिलाओं से ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार
डोंबिवली: महाराष्ट्र के डोंबिवली में विष्णुनगर पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने शादी का झांसा देकर महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी की। आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अनुज संतोष तिवारी उर्फ अनुज कुमार त्रिवेदी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह ठग वैवाहिक वेबसाइटों और समाचार पत्रों में विज्ञापनों के माध्यम से अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। अब पुलिस इस ठगी के बड़े गिरोह की जांच कर रही है।
आरोपी महिलाओं से संपर्क करने के लिए शादी से संबंधित विज्ञापनों का सहारा लेता था। वह विशेष रूप से उन महिलाओं को निशाना बनाता था, जो अकेली थीं या जिनके बच्चे विदेश में रहते थे।
एक 73 वर्षीय महिला के साथ दोस्ती करने के बाद, उसने पहले उनके घर से जेवरात चुरा लिए। इसके बाद, उनके नाम पर मोबाइल सिम जारी कराकर पुणे की एक आलीशान सोसायटी में घर दिलाने का झांसा देकर उनका मकान बिकवा दिया। इस प्रकार उसने महिला से लगभग 57 लाख रुपये ठग लिए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए अन्य महिलाओं के नाम पर जारी सिम कार्ड का उपयोग करता था। उसने कई महिलाओं को शादी का सपना दिखाकर उनसे नकद और जेवरात ठग लिए। इसके अलावा, कुछ महिलाओं के नाम पर कर्ज भी दिलवाया। एक मामले में उसके खिलाफ महिला के यौन शोषण का आरोप भी लगा है।
करीब एक साल की तलाश के बाद, विष्णुनगर पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से गिरफ्तार किया। अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में मामले दर्ज हैं, और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने देशभर में कितनी महिलाओं को ठगा है।