ढाका में बम धमाकों से हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
बांग्लादेश की राजधानी में बम धमाके
ढाका में बम धमाके: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कई स्थानों पर बम विस्फोटों की घटनाएं हुई हैं, जिससे शहर में अफरातफरी का माहौल बन गया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए शहर में 200 से अधिक चेकपोस्ट स्थापित किए हैं। शुक्रवार की नमाज के बाद, सिलसिलेवार तरीके से कई स्थानों पर देशी बमों के धमाके हुए। इस दौरान काफरुल पुलिस स्टेशन के सामने खड़ी एक बस में आग लगा दी गई। इन घटनाओं के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार को ढाका के जात्राबाड़ी, मालिबाग, मोहाखाली, मोगबाजार, बाबुबाजार, रामपुरा और न्यू मार्केट क्षेत्रों में कच्चे बमों के धमाकों की सूचना मिली है। इन घटनाओं में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, काफरुल पुलिस स्टेशन के सामने खड़ी बस में रात करीब 10 बजे आग लग गई। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई है।
साथ ही, वाहनों की जांच और पुलिस पेट्रोलिंग जारी है। DMP के अनुसार, शनिवार सुबह 10 बजे तक पिछले 24 घंटों में विभिन्न अभियानों के दौरान 515 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 47 मामले दर्ज किए गए हैं।