तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज के. भाग्यराज का निधन, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
के. भाग्यराज का निधन
चेन्नई: प्रसिद्ध पटकथा लेखक और तमिल सिनेमा के जाने-माने निर्देशक व अभिनेता कृष्णस्वामी भाग्यराज (के. भाग्यराज) का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि भाग्यराज ने अभिनेता, पटकथा लेखक, संवाद लेखक और संगीत निर्देशक के रूप में भी अपनी पहचान बनाई थी।
उन्होंने लिखा कि भाग्यराज ने अपनी फिल्मों के माध्यम से कहानी कहने का अनोखा तरीका, हास्य और ग्रामीण जीवन की गहराई को दर्शाया, जिससे वह तमिल लोगों के दिलों में हमेशा के लिए बस गए। विजय ने कहा कि भाग्यराज का योगदान तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अतुलनीय है।
सीएम विजय ने कहा कि भाग्यराज की हर रचना हमेशा यादगार रहेगी, जो न केवल मनोरंजन करेगी, बल्कि मानवीय और सामाजिक मूल्यों को भी उजागर करेगी। उन्होंने कहा, “उनका निधन तमिल सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और फिल्म जगत के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “फिल्म इंडस्ट्री में थिरु के. भाग्यराज के योगदान को देखते हुए, उनकी अंतिम यात्रा राजकीय सम्मान के साथ संपन्न होगी।”
अभिनेता के करीबी सूत्रों के अनुसार, भाग्यराज ने सुबह की सैर से लौटने के बाद सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके निधन की खबर से तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।