×

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई का इस्तीफा

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा देकर राजनीतिक हलचल मचा दी है। उन्होंने नितिन नवीन को त्यागपत्र सौंपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। अन्नामलाई का कहना है कि वे अब अपने रास्ते का चयन करना चाहते हैं। 7 जून को वे अपने समर्थकों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें वे अपनी आगे की रणनीति का ऐलान कर सकते हैं। उनके अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।
 

अन्नामलाई ने भाजपा से दिया इस्तीफा


तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पांच पृष्ठों का त्यागपत्र सौंपा। इस्तीफा देने के बाद, अन्नामलाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और फिर चेन्नई के लिए रवाना हो गए।


सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ हुई बैठक में अन्नामलाई ने सौहार्दपूर्ण माहौल में पार्टी से अलग होने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह अपने रास्ते का चयन करना चाहते हैं। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व ने अन्नामलाई को रोकने की कोशिश की, और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका देने का प्रस्ताव भी दिया गया था। उन्हें अगले निर्देश तक दिल्ली में रहने की सलाह दी गई थी।


7 जून को समर्थकों की बैठक

अन्नामलाई 7 जून को अपने समर्थकों के साथ एक बैठक आयोजित करेंगे, जिसमें वे अपनी आगे की रणनीति का ऐलान कर सकते हैं। युवा वोटबैंक में उनकी पकड़ को देखते हुए, राजनीतिक दल उनके अगले कदम पर नजर रख रहे हैं। चर्चा है कि आरएसएस चाहता है कि अन्नामलाई सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहें। अन्नामलाई तमिलनाडु में राष्ट्रवादी-तमिल दर्शन पर आधारित एक गैर-राजनीतिक आंदोलन शुरू करने की योजना बना रहे हैं, जिसे बाद में जनभावनाओं के आधार पर राजनीतिक दल में परिवर्तित किया जा सकता है।