तुर्की में स्कूल में गोलीबारी: 9 की मौत, 20 घायल
तुर्की में भयावह स्कूल गोलीबारी
नई दिल्ली। एक 14 वर्षीय छात्र ने अपने स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे 9 लोगों की जान चली गई और 20 अन्य घायल हुए। इनमें से छह की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गोलियों की आवाज सुनकर सैकड़ों छात्रों ने स्कूल की खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना में आरोपी छात्र की भी गोली लगने से मौत हो गई। यह घटना तुर्की के कहरामनमारास प्रांत में हुई। पुलिस ने आरोपी के माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावर आठवीं कक्षा का छात्र था। उसने अपने स्कूल बैग में पांच बंदूकें और सात मैगज़ीन लेकर स्कूल में प्रवेश किया। जांच में यह भी पता चला है कि उसके पिता पूर्व पुलिस अधिकारी थे और छात्र ने उनकी बंदूकें इस्तेमाल कीं। स्कूल में घुसते ही उसने दो कक्षाओं में जाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्रों ने अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदकर भागने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में कई राउंड गोलियां चलीं। बाद में हमलावर की भी गोली लगने से मौत हो गई। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उसने आत्महत्या की या किसी और ने उसे गोली मारी। तुर्की पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्कूल को चारों ओर से घेर लिया और घायलों को अस्पताल भेजा।
तुर्की के राष्ट्रपति का शोक संदेश
इस घटना के बाद तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद हमले में हमने अपने आठ होनहार बच्चों और एक शिक्षक को खो दिया है। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की पूरी तरह से जांच की जाएगी और चेतावनी दी कि इस हमले को राजनीतिक रूप से भुनाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।