तेजस्वी यादव ने जमुई छेड़छाड़ मामले में मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की
तेजस्वी यादव का आरोप
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को जमुई जिले में एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफे की मांग की।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष ने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "बिहार की छवि खराब हो रही है" और यहां "गुंडाराज" का माहौल है।
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। यह शर्मनाक है कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और अन्य राजग नेता इस घटना को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं।"
तेजस्वी ने कहा कि ऐसे बयानों के लिए राजग नेताओं को बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, "यह अस्वीकार्य है कि इस तरह की बातें की जा रही हैं। यह दर्शाता है कि सत्ता में बैठे लोग एक गंभीर अपराध को कैसे सामान्य कर रहे हैं।"
राजद नेता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक पुराने बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें चौधरी ने कहा था कि बिहार में आधी रात को भी कोई महिला को छू नहीं सकता।
तेजस्वी ने कहा कि जमुई की घटना के बाद मुख्यमंत्री को अपने शब्दों का सम्मान करते हुए पद छोड़ देना चाहिए। रविवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग एक लड़के और लड़की के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करते हुए दिखाई दिए।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया।
इस बीच, ललन सिंह ने मंगलवार को एक वीडियो बयान में कहा, "जमुई में नाबालिग लड़की के साथ हुई घटना बेहद दुखद है। लेकिन विपक्ष इसे राजनीतिक रंग दे रहा है।"
उन्होंने कहा, "विपक्ष को 2005 से पहले के बिहार को याद रखना चाहिए, जब बेटियां और महिलाएं रात में बाहर निकलने से डरती थीं। हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और सरकार भी उनके साथ है।"