तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर किया तीखा हमला, कहा- विकास नहीं, विनाश की राह पर है राज्य
बिहार विधानसभा में तेजस्वी यादव का बयान
बिहार विधानसभा के बजट सत्र में गुरुवार को विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण पर अपनी बात रखते हुए कहा कि बिहार में सरकार न्याय के साथ विकास की दिशा में नहीं, बल्कि अन्याय के साथ विनाश की ओर बढ़ रही है।
तेजस्वी ने सदन में कुछ समय खड़े होकर और फिर पैर के अंगूठे में दर्द के कारण बैठकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज बिहार में लोकतंत्र को डर तंत्र में बदल दिया गया है। उन्होंने राज्य में घटित विभिन्न आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस सरकार की नींद बेटियों की चीखों से भी नहीं टूटती। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि अपराधियों को पूरा विश्वास हो गया है कि यह सरकार उनका कुछ नहीं ‘उखाड़’ सकती। बिहार के अपराधियों में डर नहीं और सरकार में शर्म भी नहीं है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में आज थाना खामोश है, प्रशासन बेहोश है और सरकार पूरी तरह मदहोश है। जनता में इस सरकार के प्रति अफसोस और आक्रोश है।
तेजस्वी ने बिहार सरकार कोल्ड स्टोरेज की संज्ञा दी, जहां हर मामले को ठंडा कर दिया जाता है। उन्होंने सरकार के विकास के दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि सत्ता पक्ष को बताना चाहिए कि बिहार किस चीज में नंबर वन है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय, शिक्षा और स्वास्थ्य में स्थिति सबसे खराब है। बेरोजगारी सबसे अधिक है और भ्रष्टाचार में अव्वल है। जिन गरीबों का वोट लिया गया, उनके घरों को उजाड़ा जा रहा है।
उन्होंने बिहार के विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज की चर्चा करते हुए कहा कि आज बिहार की स्थिति 1960 के समान है। तेजस्वी ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार है, मुख्यमंत्री दिल्ली गए हैं, हम भी साथ हैं और पीएम से बिहार को विशेष राज्य के दर्जे की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार है, डबल उपमुख्यमंत्री हैं, डबल हंड्रेड में विधायक हैं, लेकिन बिहार वहीं खड़ा है। हम विशेष राज्य की मांग का पूरा समर्थन करेंगे।
उन्होंने कहा कि मेरे पिता मुझसे कहते हैं कि बाज बनो। बाज बनोगे तो बाकी पक्षी तुमसे नीचे उड़ेंगे।