तेलंगाना में मां ने अपने बच्चे को आग में फेंका, मामला दर्ज
दर्दनाक घटना हैदराबाद में
हैदराबाद - तेलंगाना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजधानी हैदराबाद के बौरामपेट क्षेत्र में एक मां ने अपने दो महीने के बच्चे को आग में झोंक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने इस मामले में दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान ममता (22) और राजेंद्र (21) के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के एक गांव के निवासी हैं और काम की तलाश में हैदराबाद आए थे। दंपती बौरामपेट स्थित सनारेल्ली हाई-राइज अपार्टमेंट में किराए पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, उनका दो महीने का बेटा सूर्या था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्चा पिछले कुछ दिनों से लगातार रो रहा था, जिससे माता-पिता मानसिक तनाव में थे। आरोप है कि इसी दौरान मां ने अपना आपा खो दिया। जांच अधिकारियों के अनुसार, महिला ने पहले बच्चे के मुंह में कपड़ा ठूसा, उसके हाथ-पैर बांधे और फिर उसे जलते चूल्हे में डाल दिया। गंभीर जलने के कारण बच्चे की मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी महिला की मानसिक स्थिति क्या थी और क्या वह किसी मानसिक बीमारी से ग्रस्त थी। वर्तमान में दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।