दक्षिण कोरिया में सोल के लिए पहली हीट वेव एडवाइजरी जारी
सोल में गर्मी का प्रकोप
सोल: दक्षिण कोरिया में गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। देश की मौसम विज्ञान एजेंसी, कोरिया मौसम विज्ञान प्रशासन (केएमए) ने सोमवार को सोल के लिए इस वर्ष की पहली हीट वेव एडवाइजरी जारी की है।
यह एडवाइजरी सुबह 11 बजे से लागू हो गई है। इसके साथ ही राजधानी क्षेत्र के अन्य हिस्सों के अलावा गोंगजू, च्योंगजू और सेजोंग शहरों में भी हीट वेव एडवाइजरी लागू की गई है।
केएमए के अनुसार, जब अधिकतम महसूस किया जाने वाला तापमान लगातार दो या अधिक दिनों तक 33 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की संभावना होती है, तब यह एडवाइजरी जारी की जाती है।
मौसम विभाग ने बताया कि 29 जून से 2 जुलाई तक पूर्वी सागर के ऊपर उच्च दबाव का क्षेत्र बना रहेगा, जिससे तेज धूप के कारण दिन के समय तापमान में वृद्धि होगी।
29 जून को देशभर में अधिकतम तापमान 24 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं, 30 जून को भी तापमान 23 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके अलावा, 29 और 30 जून को देश के अंदरूनी इलाकों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
इससे पहले, 18 जून को सोल के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों के लिए पहली हीट वेव एडवाइजरी जारी की गई थी। उस दिन दोपहर 2 बजे से दक्षिणी सोल और आसपास के ग्योंगगी प्रांत के कुछ क्षेत्रों में चेतावनी लागू की गई थी।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सलाह दी है कि वे गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी पिएं, लंबे समय तक धूप में रहने से बचें और बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें।