दर्दनाक सड़क हादसे में 4 की मौत, कई घायल
एटा में सड़क दुर्घटना
एटा : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक भयानक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए हैं। इस घटना की पुष्टि एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र में किलरमऊ के पास एक तेज गति से आ रहा कैंटर ने सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस को पीछे से टक्कर मार दी। यह बस फर्रुखाबाद से दिल्ली की ओर जा रही थी, लेकिन रास्ते में खराब होने के कारण इसे सड़क पर खड़ा किया गया था। इसी दौरान कैंटर ने बस को टक्कर मारी, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। एसपी सिटी, एसडीएम, सीओ सिटी और अन्य पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि जब बस की मरम्मत की जा रही थी, तब अधिकांश यात्री सड़क किनारे खड़े थे, जबकि कुछ बस के अंदर बैठे थे। उन्होंने कहा कि जब कैंटर बस के पास पहुंचा, उसी समय दूसरी दिशा से एक ट्रक भी आ रहा था। बचाव के प्रयास में कैंटर ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी।
उन्होंने आगे बताया कि बस के अंदर बैठे यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन सड़क किनारे खड़े यात्रियों में से कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कुल 11 यात्री घायल हुए हैं और एक की हालत गंभीर है। सभी का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जाएगी और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।