दहेज मांगने पर दूल्हे को खिलौना कार देकर रिश्ता तोड़ा
मेरठ में अनोखी घटना
मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दूल्हा पक्ष द्वारा दहेज में कार की मांग करने पर लड़की के परिवार ने एक अनोखा कदम उठाया है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैल रहा है, जिसमें लड़की के पिता दूल्हे को प्लास्टिक की कार देते हुए रिश्ता खत्म कर देते हैं। यह घटना दहेज प्रथा के खिलाफ एक महत्वपूर्ण संदेश देती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला सौलाना गांव का है, जहां बब्बर की बेटी का रिश्ता ज्ञानपुर निवासी शमशेर के बेटे से लगभग पांच महीने पहले तय हुआ था। सगाई के समय लड़की के परिवार ने दहेज के सामान के साथ 1 लाख रुपये भी दिए थे। हाल ही में बब्बर ने अपनी जमीन बेची, जिससे दूल्हा पक्ष का लालच बढ़ गया और उन्होंने दहेज में थार कार की मांग रख दी। लड़की के पिता ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दूल्हा पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा।
शनिवार को लड़की के परिवार ने दूल्हे के परिवार को लालखत की रस्म के लिए बुलाया। इस दौरान उन्होंने दूल्हे के परिवार का स्वागत किया और उन्हें थार के इंतजार में रखा। रात करीब 10 बजे, लड़की के पिता ने दूल्हे को खिलौना कार देते हुए रिश्ता तोड़ने का ऐलान किया। वायरल वीडियो में वह कहते हैं- 'थामो इसे, हाथ में थामो। तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी, तुम्हें कार की जरूरत थी। हमने तुम्हें कार दे दी है, इसे चलाना। मजे में रहो, तुम अपने घर, हम अपने घर।'
इस मामले में फिलहाल किसी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की है। भावनपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा है कि यदि किसी पक्ष से तहरीर या शिकायत आती है, तो पुलिस तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।