दिल्ली-एनसीआर में 4-5 सितंबर को बारिश का येलो अलर्ट, तापमान में गिरावट की संभावना
दिल्ली में मौसम का हाल
नई दिल्ली: मौसम विभाग ने 4 और 5 सितंबर के लिए दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी और बिजली चमकने के साथ हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम में इस परिवर्तन का तापमान पर भी असर देखने को मिलेगा, जहां पारा 31 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। लगातार हो रही बारिश के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक भी संतोषजनक स्थिति में बना हुआ है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 4 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है। सुबह के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है।
दोपहर में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि रात में फिर से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है। 5 सितंबर को मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना है। ह्यूमिडिटी 85-75 प्रतिशत के बीच बनी रहेगी।
दिन के चारों हिस्सों में, सुबह, पूर्वाह्न, अपराह्न और शाम में बिजली चमकने के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। खासकर दोपहर के समय मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। 6 सितंबर से मौसम साफ होने लगेगा, हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन कोई गंभीर चेतावनी नहीं है। तापमान 32 डिग्री (अधिकतम) और 25 डिग्री (न्यूनतम) रहने का अनुमान है, जबकि नमी घटकर 80-65 प्रतिशत हो जाएगी।
7 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री तक पहुंच सकता है। ह्यूमिडिटी 70-55 प्रतिशत रहेगी, जिससे गर्मी में बढ़ोतरी महसूस होगी। 8 और 9 सितंबर को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान 34 डिग्री के आसपास बना रहेगा। न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 डिग्री और 26 डिग्री रहेगा। लगातार बारिश और हवा की गति के कारण दिल्ली-एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक भी बेहतर बना हुआ है।
सुबह के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में संतोषजनक स्तर पर है। जैसे कि आशोक विहार में 103, आया नगर में 49, बवाना में 104, बुराड़ी क्रॉसिंग में 61, कैंटोनमेंट एरिया में 74, चांदनी चौक में 85 और सीआरआरआई मथुरा रोड में 47 दर्ज किया गया है। नोएडा में भी एक्यूआई के आंकड़े संतोषजनक हैं।
कुल मिलाकर, अधिकांश स्थानों पर एक्यूआई संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में है, जो राहत की बात है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की विदाई से पहले यह बारिश दिल्ली-एनसीआर को गर्मी और उमस से राहत देगी।