दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार, कई क्षेत्र ग्रीन जोन में पहुंचे
दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार
नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में चल रही तेज सतही हवाओं का सकारात्मक प्रभाव वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। हाल के दिनों में ऑरेंज और येलो श्रेणी में रहने के बाद, अब कुछ क्षेत्रों में एक्यूआई ग्रीन जोन में पहुंच गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को प्रदूषण से राहत मिली है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई स्थानों पर हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। दिल्ली के लोधी रोड पर एक्यूआई 99 दर्ज किया गया, जो ग्रीन श्रेणी में आता है। इसके अलावा, मंदिर मार्ग (136), मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम (154), आईआईटी दिल्ली (164), आईटीओ (173) और नोएडा के सेक्टर-62 (164) में एक्यूआई येलो श्रेणी में रहा।
हालांकि, कुछ स्थानों पर अभी भी ऑरेंज श्रेणी बनी हुई है। आनंद विहार में एक्यूआई 274, बवाना में 267, मुंडका में 261, जहांगीरपुरी में 253 और लोनी गाजियाबाद में 284 दर्ज किया गया। इंदिरापुरम (237), वसुंधरा (238), अशोक विहार (236), अलीपुर (219), चांदनी चौक (204), सीआरआरआई मथुरा रोड (222) और डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज (217) में भी वायु गुणवत्ता ऑरेंज जोन में रही।
नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 230 और सेक्टर-116 में 197 दर्ज किया गया। गाजियाबाद के संजय नगर में एक्यूआई 189 रहा, जो येलो श्रेणी में आता है। इस प्रकार, कई क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर मध्यम से खराब श्रेणी के बीच बना हुआ है, लेकिन तेज हवाओं ने समग्र स्थिति में सुधार किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 और 24 फरवरी को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों में हल्की धुंध की स्थिति बनी रहेगी। 25 फरवरी को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिससे वायु गुणवत्ता में और सुधार हो सकता है।
फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हवाओं की गति बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में प्रदूषण के स्तर में और गिरावट देखी जा सकती है। हालांकि, अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है। कुल मिलाकर, तेज हवाओं ने एनसीआर के निवासियों को राहत की सांस लेने का अवसर प्रदान किया है।