दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण और उद्घाटन
मुख्यमंत्री का विकास कार्यों का निरीक्षण
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र और पीतमपुरा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्कों के सौंदर्यीकरण, जल निकासी व्यवस्था, सीवरेज प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई अवसंरचना और तकनीकी शिक्षा संस्थानों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत पीतमपुरा के बीडी-एफडी पार्क में विकास कार्यों के उद्घाटन से की। इस अवसर पर पार्क में 93 नए इलेक्ट्रिक पोल और आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के सार्वजनिक पार्कों को सुरक्षित, सुंदर और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक प्रयास कर रही है। बेहतर हरित क्षेत्र न केवल पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण हैं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता को भी बढ़ाते हैं।
इसके बाद, मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग क्षेत्र में वर्षा जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा तैयार की गई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें डीटी मॉल से सीए ब्लॉक तक प्रीकास्ट ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण, सीए ब्लॉक से शालीमार विलेज चौक अंडरपास और जीटी करनाल रोड पर जल निकासी प्रणाली का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही, शालीमार गांव और आसपास के क्षेत्रों में सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त सीवेज पंपिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों को जलभराव और सीवरेज समस्याओं से स्थायी राहत देने के लिए आधुनिक अवसंरचना विकसित कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉनसून के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी परियोजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद, उन्होंने एनपी ब्लॉक डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया और वहां स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने सिंघलपुर स्थित मुनक नहर का भी निरीक्षण किया और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों से जल प्रवाह और नहर के रखरखाव की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि नहरों और जल स्रोतों के संरक्षण और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, उन्होंने डीएसईयू कस्तूरबा, पीतमपुरा परिसर का निरीक्षण किया और वहां शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल नई परियोजनाओं का उद्घाटन करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक योजना का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। सरकार विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर रही है ताकि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और स्वच्छ, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।