×

दिल्ली के द्वारका में तीन बच्चों की डूबने से मौत, जांच जारी

दिल्ली के द्वारका में एक गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतरे थे और डूब गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बच्चों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
 

दिल्ली में बच्चों की मौत का मामला

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में गुरुवार सुबह तीन बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बच्चे तालाब में डूब गए हैं।


पुलिस के अनुसार, सुबह लगभग 7:07 बजे सेक्टर-23 थाने को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि सेक्टर-24 के गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही एसएचओ अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी तुरंत सूचित किया गया।


फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 8 से 10 साल के तीन बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। जांच के दौरान बच्चों के कपड़े तालाब के किनारे पाए गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वे नहाने के लिए पानी में उतरे थे और हादसे का शिकार हो गए।


पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चे चारदीवारी कूदकर गोल्फ कोर्स में दाखिल हुए थे। फिलहाल तीनों बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है और आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट भी दर्ज नहीं हुई है।


शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस बच्चों की पहचान और उनके परिजनों का पता लगाने के साथ-साथ हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।