दिल्ली के सीएम रेखा गुप्ता के मायामहल के टेंडर रद्द होने पर 'आप' ने उठाए सवाल
दिल्ली के सीएम रेखा गुप्ता का मायामहल
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मायामहल को सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस करने के लिए जारी किए गए टेंडर को रद्द करने पर आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। 'आप' के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का कहना है कि बीजेपी सरकार ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली की जनता के दबाव में आकर यह निर्णय लिया है। इस मायामहल में 14 एयर कंडीशनर, पांच एलसीडी टीवी, माइक्रोवेव ओवन, गीजर, एलईडी और अन्य उपकरणों की व्यवस्था के लिए टेंडर जारी किया गया था। इसलिए, सीएम रेखा गुप्ता को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या इन आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता नहीं थी, और यदि थी, तो टेंडर रद्द क्यों किया गया?
सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को कहा कि हाल ही में खबर आई थी कि नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने लिए दो मंत्रियों के रहने के लिए दो बंगले आवंटित कराए हैं। पहले, जो मंत्री वहां रहते थे, उन्हें एक ही बंगला मिलता था, जबकि ऑफिस के लिए अलग से पोर्टा केबिन होते थे। लेकिन रेखा गुप्ता ने दो बंगले लिए हैं। इसके बाद, पीडब्ल्यूडी ने उनके बंगले के नवीनीकरण के लिए एक बड़ा टेंडर जारी किया था।
सौरभ भारद्वाज ने टेंडर रद्द होने पर उठाए सवाल
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि टेंडर से यह स्पष्ट होता है कि बंगले में 14 एयर कंडीशनर, पांच एलसीडी टीवी, गीजर, इलेक्ट्रिक वायरिंग, एलईडी, 10 लीटर का माइक्रोवेव ओवन और अन्य सामान लगाने की योजना थी, लेकिन अब यह टेंडर रद्द हो गया है। सवाल यह उठता है कि क्या इन सामानों की आवश्यकता नहीं थी, इसलिए टेंडर रद्द किया गया?
उन्होंने आगे कहा कि टेंडर रद्द होने के पीछे क्या कारण हो सकता है। अब संभवतः किसी अन्य तरीके से बंगले में साज-सज्जा की जाएगी। मेरा मानना है कि बीजेपी ने जनता के दबाव, 'आप' की आलोचना और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के चलते यह टेंडर रद्द किया है।
क्या इन चीजों की आवश्यकता नहीं थी?
सौरभ भारद्वाज ने रेखा गुप्ता से सवाल किया कि क्या इन सुविधाओं की आवश्यकता नहीं थी? यदि आवश्यकता थी, तो टेंडर रद्द क्यों किया गया? रेखा गुप्ता से पहले उस बंगले में मंत्री रहते थे, और उसका उपयोग होता था। फिर इतनी सारी सुविधाओं के लिए टेंडर क्यों जारी किया गया? रेखा गुप्ता को इस बारे में स्पष्टता देनी चाहिए।