दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक टक्कर में आठ की मौत, 24 घायल
दौसा में भयानक सड़क हादसा
राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बस और ट्रक के बीच टक्कर के बाद आग लग गई, जिससे आठ लोगों की जान चली गई और 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र में धनावड़ा के पास हुई। दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि इस हादसे में छह लोग जिंदा जल गए, जबकि दो की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिंदा जलने वाले छह मृतकों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही उनके शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सिर पर गंभीर चोट लगने से जान गंवाने वाले दो लोगों में से एक की पहचान धर्मसिंह और दूसरे की परिचालक कुलदीप वाल्मीकि के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक शंकर लाल ने कहा कि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल हुए 24 लोगों की स्थिति स्थिर है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उत्तराखंड के ऋषिकेश से इंदौर जा रही हंस ट्रेवल्स की बस एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को सुरक्षित निकालकर दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
दौसा अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
उन्होंने कहा कि आठ लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई थी। अस्पताल में 14 घायलों को भर्ती किया गया था, जिनमें से चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि दस अन्य लोग अभी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
जिला अस्पताल, दौसा के उपनियंत्रक डॉ. चेनसिंह ने बताया कि आठ मृतकों में से छह की पहचान जलने के कारण संभव नहीं है। पहचान के लिए परिजनों के आने के बाद डीएनए जांच की जाएगी।
एक घायल महिला ने बताया कि वे जम्मू-कश्मीर स्थित वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर के बाद बस में आग लग गई। मेरी बेटी घायल हो गई, जबकि मेरे पति अब भी लापता हैं।
एक अन्य घायल ने कहा कि वह, उसका बेटा और पत्नी सो रहे थे जब अचानक बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर के झटके से उसकी पत्नी खिड़की से बाहर गिर गई और आग लगने वाले हिस्से में फंस गई।
घटनास्थल पर दौसा के सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा कि वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए प्रशासन जुटा हुआ है।
महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर सौम्या झा ने हादसे की जांच के लिए आठ सदस्यीय टीम बनाई है। टीम को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए गए हैं।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।