दिल्ली में अंगदान संकल्प अभियान की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने लिया संकल्प
अंगदान संकल्प अभियान का उद्घाटन
नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को अंगदान संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अंगदान को प्रोत्साहित करना, प्रत्यारोपण सेवाओं को सुदृढ़ करना और नागरिकों को अंगदान के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने स्वयं अंगदान की घोषणा की और इसके लिए संकल्प पत्र भरा।
दिल्ली सचिवालय में कार्यक्रम का आयोजन
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा दिल्ली सचिवालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एक नया पोर्टल लॉन्च किया गया। इस पोर्टल के माध्यम से दिल्ली के नागरिक अंगदान संकल्प अभियान से ऑनलाइन जुड़कर अंगदान का संकल्प ले सकते हैं। दिल्ली सरकार ने इसके लिए एक पोर्टल उपलब्ध कराया है, जहां पंजीकरण करने के बाद नागरिक डिजिटल प्रतिज्ञा प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री की अपील
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि अंगदान सेवा का संकल्प एक उदारता का प्रतीक है। एक व्यक्ति का यह नेक संकल्प कई लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने दिल्लीवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अंगदान का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान उन मरीजों को नई उम्मीद देगा जो प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे हैं।
जी. बी. पंत अस्पताल में SOTTO की स्थापना
जी. बी. पंत अस्पताल में SOTTO किया गया कार्यशील
अंगदान और ऊतक प्रत्यारोपण के बेहतर समन्वय के लिए दिल्ली सरकार ने जी. बी. पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTTO) की स्थापना की है। इसके माध्यम से दिल्ली में अंग और ऊतक दान से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अभियान के तहत नागरिकों तक पहुंचने के लिए विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाएगा, जिसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म, जागरूकता अभियान और सामुदायिक गतिविधियां शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री की अपील
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत एक समर्पित ऑर्गन डोनेशन प्लेज पोर्टल लॉन्च किया गया है, जिसका उद्देश्य अंगदान प्रक्रिया को सरल बनाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आगे आएं, अंगदान का संकल्प लें और इस नेक पहल का हिस्सा बनें।