दिल्ली में अत्याधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन
दिल्ली में नए ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन
दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को बुराड़ी में 'सेवा संकल्प' अभियान के तहत देश के सबसे बड़े और अत्याधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) का उद्घाटन किया। इस पांच लेन वाले केंद्र में हर साल एक लाख वाहनों की वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से फिटनेस जांच की जा सकेगी।
बुराड़ी में स्थित इस नए एटीएस में 40,000 भारी मोटर वाहनों और 60,000 हल्के मोटर वाहनों की फिटनेस टेस्टिंग की क्षमता है। पूरी तरह स्वचालित प्रक्रिया के तहत वाहनों की ब्रेकिंग एफिशिएंसी, सस्पेंशन, हेडलाइट, साइड-स्लिप, एमिशन लेवल और अंडरबॉडी की सटीक जांच की जाएगी। इससे पहले, 3 सितंबर को ओखला के तेखंड में भी लगभग 72,000 वाहनों की वार्षिक क्षमता वाले एटीएस का शुभारंभ किया गया था। अब नंद नगरी, तेखंड और बुराड़ी के साथ दिल्ली की कुल ऑटोमेटेड वाहन टेस्टिंग क्षमता सालाना ढाई लाख से अधिक हो गई है।
#SevaSankalpAbhiyan के तहत आज बुराड़ी में प्रतिवर्ष 90,000 वाहनों की फिटनेस टेस्टिंग क्षमता वाले अत्याधुनिक Automated Testing Station का उद्घाटन किया।
3 सितंबर को तेहखंड और आज बुराड़ी। महज 23 दिनों में दिल्ली को दूसरा Automated Testing Station मिला है। यही हमारी सरकार की काम… pic.twitter.com/MnZd4AA8BY
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) September 26, 2026
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केवल सर्दियों में अस्थायी उपाय करने से दिल्ली के प्रदूषण की समस्या का समाधान नहीं होगा। सरकार ने प्रदूषण के खिलाफ सालभर चलने वाली जंग छेड़ी है, जिसमें परिवहन, हरित आवरण का विस्तार, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और कचरा प्रबंधन पर एक साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा कई कारकों से प्रभावित होती है, लेकिन सरकार ठोस कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
1 अक्टूबर से पीयूसी (PUC) व्यवस्था होगी सख्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सेंटर्स की कार्यप्रणाली की तकनीक आधारित निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही, वैध पीयूसी प्रमाणपत्रों से जुड़ा कड़ा एनफोर्समेंट सिस्टम आगामी 1 अक्टूबर से लागू किया जाएगा। सरकार का मुख्य उद्देश्य केवल प्रदूषण पर चर्चा करना नहीं, बल्कि दीर्घकालिक और प्रभावी समाधान खोजना है।
वहीं, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रिकॉर्ड समय में तैयार हुआ बुराड़ी एटीएस देश के चुनिंदा उच्च-क्षमता वाले केंद्रों में शामिल है। इससे कमर्शियल वाहन चालकों को अपने घर के नजदीक ही आधुनिक जांच की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार एक सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम परिवहन व्यवस्था तैयार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।