दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई पर कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब की सप्लाई के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने एक वाहन से 21 कार्टन में रखी 1,050 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की।
भाटी माइंस पुलिस चौकी की टीम को इलाके में अवैध शराब की सप्लाई की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर, थाना मैदानगढ़ी की पुलिस ने भाटी माइंस के संजय कॉलोनी में आलू मोड़ के पास जाल बिछाया। इस टीम में एसआई विनोद भाटी, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल लाल सिंह और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल थे। पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह, एसएचओ थाना मैदानगढ़ी के नेतृत्व में और एसीपी महरौली योगिता शर्मा की निगरानी में की गई।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान एक स्विफ्ट कार वहां पहुंची। जब पुलिसकर्मियों ने कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम पहले से सतर्क थी और उसने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 25 वर्षीय अजय निवासी संजय कॉलोनी, भाटी माइंस के रूप में हुई।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 21 कार्टन मिले, जिनमें कुल 1,050 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान अजय ने बताया कि वह यह शराब हरियाणा के गुरुग्राम जिले के ग्वाल पहाड़ी इलाके से लाया था। उसे यह शराब संजय कॉलोनी और राजपुर खुर्द इलाके में 'सांसी' नाम के एक व्यक्ति को पहुंचानी थी। पुलिस ने शराब की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। जांच में पता चला कि यह वाहन गुरुग्राम निवासी प्रशांत उर्फ विक्रम के नाम पर पंजीकृत है।
इस मामले में थाना मैदानगढ़ी में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब शराब के असली स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसे शराब की खेप पहुंचाई जानी थी। इसके अलावा, वाहन मालिक और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अजय पहले भी थाना कालकाजी में दर्ज एक मामले में शामिल रहा है।