दिल्ली में कारोबारी को मिली रंगदारी की धमकी, 5 करोड़ की मांग
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का नाम सामने आया
दिल्ली के पंजाबी बाग में रंगदारी का मामला
नई दिल्ली: दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित प्रसिद्ध ब्रेथ रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार वालिया को एक बार फिर से कथित गैंगस्टरों द्वारा 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी का सामना करना पड़ा है। इस मामले की शिकायत के आधार पर पंजाबी बाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस विदेशी नंबरों और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है।
18 जुलाई को आया वॉइस नोट
शिकायत के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की रात लगभग 10:30 बजे राजकुमार वालिया अपने रेस्टोरेंट में थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉइस नोट प्राप्त हुआ। वॉइस नोट भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताते हुए कहा कि वह कारोबारी के बारे में पूरी जानकारी रखता है और उसे 5 करोड़ रुपये देने होंगे। धमकी में कहा गया कि यदि रकम नहीं दी गई तो राजकुमार वालिया या उनके परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी। इसके अलावा, धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि यदि पहले किसी पर हमला हुआ तो बाद में 10 करोड़ रुपये देने पड़ेंगे।
गोल्डी बराड़ का करीबी होने का दावा
शिकायत में बताया गया है कि अगले दिन एक अन्य विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मनीष खरखौदा बताते हुए कहा कि वह गोल्डी बराड़ का करीबी है और पहले भेजे गए वॉइस नोट के संबंध में बात कर रहा है। इसके बाद दोबारा कॉल कर 5 करोड़ रुपये की मांग दोहराई गई। जब राजकुमार वालिया ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई और कहा कि किसी ने गलत जानकारी दी है, तब भी आरोपियों ने लगातार जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शिकायत दर्ज की
पंजाबी बाग थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस विदेशी नंबरों की तकनीकी जांच, कॉल रिकॉर्ड और वॉइस नोट की फॉरेंसिक जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और धमकी देने वालों की पहचान कर उनके नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले को संगठित रंगदारी गिरोह से जोड़कर भी जांच कर रही है।