दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई, समाजवादी पार्टी का समर्थन
दिल्ली में छात्रों का प्रदर्शन
नई दिल्ली। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन जारी है। पेपर लीक से संबंधित मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP के कार्यकर्ता आज संसद की ओर मार्च करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उन्हें जंतर मंतर से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। इस आंदोलन में कई राजनीतिक दल भी शामिल हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने समर्थन में संसद से जंतर मंतर तक मार्च किया, लेकिन पार्टी के कई सांसदों, जिनमें डिंपल यादव भी शामिल हैं, को हिरासत में ले लिया गया।
दिल्ली में छात्रों की आवाज़ उठा रहीं लोकसभा सांसद श्रीमती डिम्पल यादव जी एवं अन्य सपा सांसदों को पुलिस द्वारा डिटेन किया जाना, साथ ही छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाना बेहद निंदनीय एवं अलोकतांत्रिक है।
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) July 20, 2026
समाजवादी पार्टी ने X पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली में छात्रों की आवाज उठाने वाली सांसद डिंपल यादव और अन्य सपा सांसदों को हिरासत में लेना और छात्रों पर लाठीचार्ज करना अत्यंत निंदनीय और अलोकतांत्रिक है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए एक कविता साझा की।
निराशा में आँख का पानी
जब समुंदर बन जाता है
‘इंक़लाब’ तब आता है!!!कोई अपनी ताक़त पर
जब सर उठा इठलाता है
‘इंक़लाब’ तब आता है!हुक़ूमतों का घमंड-गुरूर
जब पर्वत सा बन जाता है
‘इंक़लाब’ तब आता है!!!दौर जब नाइंसाफ़ी का
हद ही पार कर जाता है
‘इंक़लाब’ तब आता है!जब-जब देश का… pic.twitter.com/UHEk8OBwmu
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) July 20, 2026
इससे पहले, सांसद डिंपल यादव ने अन्य सांसदों के साथ संसद से जंतर मंतर तक मार्च किया। उन्होंने कहा कि देश में हालात ऐसे हैं कि युवा अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं है। छात्रों ने बार-बार यह बात कही है और सोनम वांगचुक ने भी सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील की।
डिंपल ने कहा कि सरकार इतनी अड़ियल और असंवेदनशील है कि वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा, 'हम छात्रों के साथ खड़े हैं और जंतर मंतर तक मार्च करेंगे।' उनका मानना है कि पूरी प्रक्रिया भ्रष्ट है और देश के युवा इसका खामियाजा भुगत रहे हैं।
छात्र चाहते हैं कि सरकार उनकी बात सुने, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। समाजवादी पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद भी जंतर मंतर पहुंचे और आंदोलन का समर्थन किया।
समाजवादी पार्टी की युवा सांसद इकरा हसन ने कहा कि हम इस्तीफे की मांग करते हैं। यह नैतिक जिम्मेदारी का मामला है और धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
उत्तर प्रदेश से सांसद जियाउररहमान बर्क ने कहा कि आज देश के भविष्य माने जाने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने जा रहा है और हम उनके आंदोलन का समर्थन करते हैं।
प्रदर्शन के दौरान हल्की लाठीचार्ज की गई। आज सुबह CJP के साथ प्रदर्शनकारी जब जंतर मंतर से संसद के लिए मार्च करने लगे, तो उन्हें रोका गया। चश्मदीदों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से जंतर मंतर की ओर मार्च कर रहे छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए लाठियों का इस्तेमाल किया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इलाके में दिल्ली पुलिस की भारी तैनाती देखी गई, क्योंकि पुलिस मार्च को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास कर रही थी।