दिल्ली में टीबी मुक्त भारत के लिए सांसदों और पुलिस अधिकारियों के बीच क्रिकेट मैच
मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन
नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 'टीबी मुक्त भारत-टीबी हारेगा, देश जीतेगा' पहल के तहत आज रविवार को दिल्ली में सांसदों और दिल्ली पुलिस अधिकारियों के बीच एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया। यह मैच नेशनल स्टेडियम में हुआ, जिसमें सांसदों की टीम की अगुवाई अनुराग सिंह ठाकुर ने की, जबकि दिल्ली पुलिस की कप्तानी कमिश्नर सतीश गोलचा ने संभाली। इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली पुलिस ने सांसदों को 12 रनों से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली पुलिस ने 20 ओवर में 225 रन बनाए, जबकि अनुराग सिंह ठाकुर की शानदार 52 रनों की पारी के बावजूद सांसदों की टीम 212 रन पर सिमट गई। इस मैच का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया गया।
टीबी के खिलाफ जागरूकता का संदेश
मैच के दौरान, अनुराग ठाकुर ने कहा, "मैं सभी सांसदों और पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करता हूं कि हम टीबी के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए यह क्रिकेट मैच खेल रहे हैं। टीबी मुक्त भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प है। यह एक गंभीर बीमारी है, जिससे लाखों लोग प्रभावित होते हैं। हम इस मुद्दे पर जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और पहले भी कई शहरों में इस पहल के तहत मैच खेल चुके हैं।" उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के आयोजन टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए महत्वपूर्ण हैं और हम इसे हर नागरिक तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का संबोधन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "भारत की संसद 140 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करती है। हमें 2025 तक टीबी मुक्त भारत बनाना है। सांसदों और पुलिस अधिकारियों का यह मैत्री मैच टीबी उन्मूलन के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहायक होगा।" उन्होंने अनुराग सिंह ठाकुर को इस सार्थक प्रयास के लिए बधाई दी।
खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया
मैच के समापन पर, बीसीसीआई उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, "इस मैच का आयोजन एक दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह देखना सुखद है कि नेता और पुलिस अधिकारी एक मंच पर टीबी के खिलाफ जागरूकता लाने के लिए एकत्र हुए हैं।" सीसीआई के अध्यक्ष राजीव प्रताप रूडी ने भी इस आयोजन की सराहना की और कहा कि हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण है देश को टीबी मुक्त बनाना।