दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस का अनोखा हेलमेट जागरूकता अभियान
दिल्ली में हेलमेट पहनने के लिए जागरूकता अभियान
दिल्ली: ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस पहल की विशेषता यह है कि इसमें चालान के बजाय लोगों को गांधीगिरी के माध्यम से हेलमेट पहनने की सलाह दी जा रही है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी बिना किसी ऊंची आवाज या धमकी के, प्यार से गुलाब देकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। यह दृश्य दिल्लीवासियों के लिए एक नई और खास पहल है।
दिल्ली के मूलचंद फ्लाईओवर पर, डिफेंस कॉलोनी के ट्रैफिक इंस्पेक्टर मधुरेंद्र कुमार ने बिना हेलमेट वाले चालकों को गुलाब देकर उन्हें हेलमेट पहनने की सलाह दी। इस दौरान, बिना हेलमेट वाले लोग ट्रैफिक पुलिस को देखकर भागते हुए भी नजर आए।
दिल्ली में आमतौर पर ट्रैफिक पुलिस बिना हेलमेट वाले चालकों पर जुर्माना लगाते हुए देखी जाती है। लेकिन अब ट्रैफिक पुलिस ने एक नई पहल की है, जिसमें मधुवेंद्र कुमार और उनकी टीम ने मूलचंद फ्लाईओवर पर गुलाब लेकर सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक किया। उनका उद्देश्य चालान नहीं, बल्कि गुलाब देकर समझाना है।
इस अभियान के दौरान कई लोग बिना हेलमेट के यात्रा करते हुए पाए गए, जिन्हें रोककर गुलाब भेंट किया गया। उन्हें हेलमेट न पहनने के नुकसान के बारे में समझाया गया। साथ ही कहा गया कि हेलमेट पहनने से न केवल चालान से बचा जा सकता है, बल्कि यह गंभीर चोटों से भी सुरक्षा प्रदान करता है। इसलिए, इस बार हम आपका चालान नहीं करेंगे, लेकिन हम आपको सलाह देते हैं कि यात्रा करते समय हेलमेट पहनें और यदि कोई पीछे बैठा है, तो उसे भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। इससे आपकी जान सुरक्षित रहेगी और आप पुलिस के चालान से भी बच सकेंगे।
इस अभियान के माध्यम से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों को समझाया गया और बदले में उन्हें गुलाब देकर यह संकल्प लिया गया कि वे सड़क पर चलते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे। इससे न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि दिल्ली का ट्रैफिक भी सुचारू रूप से चलेगा और वे बेवजह के चालानों से भी बच सकेंगे।